ब्रेक फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हुआ यात्रियों का वाहन, 2 गंभीर घायल
ऊखीमठ। बद्रीनाथ से केदारनाथ जा रही मैक्स वाहन कुण्ड-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर पोथीबासा-मक्कूबैण्ड के मध्य ब्रेक फेल होने से लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। मैक्स में सवार 12 तीर्थ यात्रियों में दो यात्रियों को गम्भीर चोटें आयी हैं, जबकि दस तीर्थ यात्रियों को मामूली चोटें आयी हैं। गम्भीर दो तीर्थ यात्रियों को जिला चिकित्सालय भेजा गया, जबकि शेष दस तीर्थ यात्री प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष राजीव चैहान ने बताया कि बद्रीनाथ से सोनप्रयाग जा रही मैक्स के पोथीबासा-मक्कूबैंड के मध्य ब्रेक फेल होने से मैक्स वाहन लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। उन्होंने बताया कि मैक्स में उड़ीसा के 8, आगरा का 1 तथा महाराष्ट्र के 3 तीर्थ यात्री सवार थे। बताया कि मैक्स के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को दी। जिसके बाद पुलिस प्रशासन घटना स्थल पर पहुंचा तथा ग्रामीणों के सहयोग से सभी तीर्थ यात्रियों का रेस्क्यू कर 108 व निजी वाहनों की मदद से स्वास्थ्य केन्द्र ऊखीमठ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो तीर्थ यात्रियों को गम्भीर देखते हुए जिला चिकित्सालय भेजा गया तथा शेष दस यात्री गंतव्य के लिए रवाना हो गए।



