पर्यावरण संरक्षण के लिए हर घर में जैविक-अजैविक कूड़ा प्रबंधन जरूरी: अभिमन्यु
पर्यावरण दिवस पर रिन्यू जल विद्युत परियोजना और रुद्रप्रयाग वन प्रभाग ने किया गोष्ठी का आयोजन
अगस्त्यमुनि। रेन्यू जल विद्युत परियोजना और रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही परियोजना स्थल में वृहद रूप से वृक्षों का भी रोपण कियागया।

फलई स्थित परियोजना स्थल के खेल मैदान में आयोजित गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि डीएफओ अभिमन्यु सिंह ने कहा कि इस वर्ष पर्यावरण को लेकर चार सौ से अधिक गतिविधि जनपद में की गई हैं। कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हर घर में जैविक-अजैविक कूड़ा प्रबंधन और वृक्षारोपण के साथ ही उनके सुरक्षा के लिए भी अभियान चलाया जाना चाहिए। रिन्यू पाॅवर प्रोजेक्ट के सुधांशु शर्मा ने बताया कि परियोजना के कुंड बैराज पर प्लास्टिक कचरा बहकर आता है। उसे नगर पंचायत ऊखीमठ को दिया जायेगा। परियोजना क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। अक्षय भारद्वाज ने कहा कि मिशन लाईफ के तहत प्रदूषण कम करने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। सोल्यूशन टू प्लास्टिक पोल्यूशन की थीम इस वर्ष की है और इसी दिशा में सतत कार्य किया जाएगा। परियोजना के मुख्य प्रबंधक मकरन्द जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के कारकों को इसे जीवन में उतारने की जरूरत है। कार्यक्रम में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर पोस्टर के माध्यम से अपनी बातें रखी। इस अवसर पर रेंजर यशवंत सिंह चैहान, ग्रामीण और परियोजना के कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रिया वत्स ने किया।




