सासें नहीं होंगी कम, पीपल लगा रहे हैं हम: डॉ बिष्ट
नगर पंचायत अगस्त्यमुनि ने चलाया घाटों पर वृहद सफाई अभियान
अगस्त्यमुनि। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत की ओर से मन्दाकिनी नदी के किनारे बने घाटों पर वृहद् सफाई अभियान चलाकर वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर पीजी कालेज अगस्त्यमुनि में राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ दलीप सिंह बिष्ट, जो पीपल मैन से विख्यात हैं, उन्होंने घाट स्थल पर पीपल के पेड़ लगाये। जिनकी देखभाल की जिम्मेदारी नगर पंचायत ने ली।

विश्व पर्यावरण दिवस पर नपं अध्यक्ष अरूणा बेंजवाल के नेतृत्व में मन्दाकिनी नदी पर बने घाटों पर वृहद सफाई अभियान चलाया गया। इस मौके पर घाट के आसपास वृक्षारोपण भी किया गया। नपं अध्यक्ष ने कहा कि नगर को साफ रखने के साथ इसके पर्यावरण का शुद्ध रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह तभी सम्भव होगा, जब हम अधिक से अधिक वृक्ष लगायेंगे तथा उनका संरक्षण भी करेंगे। इस अवसर पर मौजूद पीपल मैन डॉ दलीप सिंह बिष्ट ने “यादें-एक पर्यावरणीय अभियान“ के तहत घाट के दोनों ओर पीपल के पेड़ लगाये। कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग पर पीपल के अधिक से अधिक पेड़ लगाये जाने चाहिए। जिससे यात्रा काल में वाहनों की भारी भीड़ के कारण पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। क्योंकि पीपल ऑक्सीजन का सबसे बड़ा स्रोत है। उनका नारा भी यही है “सासें नहीं होंगी कम, क्योंकि पीपल लगा रहे हैं हम“।

वे सबको पीपल लगाने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका मानना है कि हर व्यक्ति को अपने प्रियजन की याद में एक पीपल अवश्य लगाना चाहिए। इसके लिए वे हर समय तैयार रहते हैं। क्योंकि उनकी गाड़ी में हर समय पीपल के पेड़ के साथ ही उनको लगाने के लिए गैंती, फावड़ा और पानी के डब्बे मौजूद रहते हैं। वे अब तक अपने अभियान के तहत रूद्रप्रयाग जनपद में ही लगभग दो सौ से अधिक पीपल के पेड़ लगा चुके हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के एनएसएस प्रभारी डॉ जितेन्द्र कुमार, नपं के अधिशासी अधिकारी कैलाश पटवाल, पंचायत कर्मी आशा, हेमन्त तिवारी, बृजमोहन बिष्ट, विपिन रावत सहित नपं के सभी पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।

