केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रियों के लिए देवदूत बन रही मित्र पुलिस
घायलों को सही समय पर पहुंचाया जा रहा चिकित्सा केन्द्र
खोये सामान को ढूंढकर चेहरे पर लौटाई जा रही मुस्कान
रुद्रप्रयाग। गौरीकुंड से केदारनाथ पैदल मार्ग पर पुलिस यात्रियों की मदद करने में जुटी है। जहां एक ओर पुलिस घायलों का रेस्क्यू कर रही है। वहीं आपरेशन मुस्कान के तहत बिछडों को मिलाने के साथ ही खोए सामान को लौटाया जा रहा है।

केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगचट्टी में एक महिला केदारनाथ दर्शन कर घोड़े से वापस आ रही थी। इस बीच घोड़ा फिसलने से वह घायल हो गई। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत घायल महिला रूपा देवी पत्नी रमेश चन्द्र निवासी नागर पोस्ट विचारीपुर, जिला आगरा, उत्तर प्रदेश (70 वर्ष) का रेस्क्यू किया। जंगलचट्टी में नियुक्त होमगार्ड के जवान केशर सिंह व दिनेश चन्द्र ने महिला का त्वरित रेस्क्यू कर अपने कंधे पर उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जंगलचट्टी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उक्त महिला को परिजनों के साथ गौरीकुण्ड के लिए भेज दिया गया। वहीं, केदारनाथ यात्रा में आए यात्री गिरीश भाई पुत्र राम भाई निवासी कलोल थाना कलोल जिला गांधीनगर गुजरात का मोबाइल खो गया था, जिसकी शिकायत उनके द्वारा गुप्तकाशी पुलिस थाने में की गई। थाना पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो काफी मशक्कत के उपरान्त यात्री के खोये मोबाइल को बरामद यात्री को लौटाया गया। पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस जनपद में केदारनाथ धाम यात्रा पर आये श्रद्धालुओं के चेहरे पर मुस्कान लाने का कार्य कर रही है।














