ढाबा का ताला तोड़कर चोरों ने किया नगदी पर हाथ साफ
बर्तन और गैस सिलेंडर भी ले गये चोर,
ढाबा संचालक ने की पुलिस से कार्यवाही की मांग
रुद्रप्रयाग। जवाड़ी बाईपास पर वन विभाग कार्यालय के पास एक ढाबा में चोरी का मामला सामने आया है। यहां चोरों ने ढाबा का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, बर्तन और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। ढाबा संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद चोरों की धरपकड़ की जा रही है।

ढाबा संचालक मुकेश कंडारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वह अपने ढाबा खोलने गया गया तो देखा कि ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो हैरान रह गया। कंडारी ने बताया कि रात के समय चोरों ने ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, बर्तन और 15 हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। बताया कि वन विभाग कार्यालय के ठीक नीचे उनका ढाबा है और वन विभाग के कैमरे भी ढाबा की ओर लगे हुए हैं। वन विभाग के कैमरों की मदद से पुलिलस चोरों की धरपकड़ कर सकती है। उन्होंने बताया कि जब से वे इस ढाबा का संचालन कर रहे हैं, उन्हें किसी ना किसी स्तर से मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। किसी तरह पैंसों की व्यवस्था करके ढाबा में राशन, गैस सिलेंडर के साथ बर्तन खरीदे और अब उनका सामान भी चोरी हो गया है। उन्होंने कहा कि चोरों ने उनकी नगदी पर भी हाथ साफ किया है। उनकी आर्थिक स्थिति पहले ही ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि चोरी की सूचना जवाड़ी बाईपास चौकी में दी गई है।


