
भौंसारी के दूसरे चरण का कार्य शीघ्र होगा आरम्भ: भट्ट
सुमित्रा देवी की अध्यक्षता में भटवाड़ी में ग्राम जलागम समिति का गठन
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग के पूर्व जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल के ड्रीम प्रोजेक्ट भौंसारी गदेरे के पुनर्जीवन के दूसरे चरण का कार्य शीघ्र ही आरम्भ होगा। इस अभियान के अंतर्गत भौंसारी के अंतिम छोर पर बसे भटवाड़ी में ग्राम जलागम समिति का गठन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपंन हुआ।
बैठक में उपस्थित खण्ड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता ग्राम समाज की सक्रिय सहभागिता पर ही निर्भर है और जहां यह स्वैच्छिक भागीदारी से होता है, वहां सफलता अधिक प्राप्त होती है। उन्होंने भौंसारी वाटरशेड फाउंडेशन की इस प्रकार की जनभागीदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि मनरेगा एक मांग आधारित कार्यक्रम है। इसलिए जो भी कार्य ग्रामवासी प्रस्तावित करेंगे, वह मनरेगा के अंतर्गत क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों की अन्य मांगों पर भी समुचित कार्यवाही का आश्वासन दिया और ग्रामीणों को अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाये रखने और कार्यों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

ग्राम जलागम समिति के गठन के लिए आयोजित बैठक में आगंतुकों का स्वागत करते हुए फाउंडेशन के निदेशक एवं पर्यावरण प्रेमी शिक्षक सतेंद्र सिंह भण्डारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए कहा कि पूर्व में पूरे इलाके को पानी की आपूर्ति करने वाले भौंसारी गदेरे के जलागम क्षेत्र में वानस्पतिक आवरण समाप्त होने के कारण अनेक स्रोत सूख गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में पानी की कमी हो गई है। पूर्व जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल के प्रयासों से इसके पुनर्जीवन का कार्य 2019 में जल संरक्षण-संवर्द्धन न्यास द्वारा आरम्भ किया गया था। इसमें क्वीली, कुरझण, ढोंढिक व आगर में जलागम संरक्षण के कार्य किये जा रहे हैं। इसको भौंसारी गदेरे के अंतिम छोर तक बढ़ाने के दूसरे चरण का कार्य मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत हुआ है। इसमें सभी ग्रामवासियों के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता उन्होंने बताई। ग्राम जलागम समिति क्वीली की अध्यक्ष देवेश्वरी देवी ने कहा कि जलागम संरक्षण के जो कार्य अभी तक किये गए हैं, वे अत्यंत उत्साहवर्द्धक हैं। उत्तराखण्ड में पानी की भरपूर उपलब्धता की चर्चा करते हुए मुख्य न्यासी रमेश पहाड़ी ने कहा कि पहाड़ों में भी यदि वर्षाजल को संग्रहीत करने की कोशिश की जाए तो मध्य हिमालय में पीने और सिंचाई के पानी की कोई कमी नहीं हो सकती। दुनिया और देश में अनेकों उदाहरणों ने इसे सिद्ध कर दिखाया है।

वरिष्ठ पत्रकार श्यामलाल सुंदरियाल ने जनशक्ति को संगठित कर पानी की विकराल समस्या के समाधान के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए महिलाओं का आह्वान किया कि वे मनोयोग से इस अभियान में जुटेंगी तो सफलता निश्चित है। मनरेगा के लोकपाल सीपी चमोली ने लोगों, विशेषकर महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की प्रशंसा करते हुए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की। सुमित्रा देवी की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में ग्राम जलागम समिति भटवाड़ी का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष सुमित्रा देवी तथा सदस्य मीना देवी, रीना देवी, सोनम रौथाण, सुनीता रौतेला, मंजू जगवाण, पूनम देवी और सरिता देवी चुने गए। ग्राम जलागम समिति द्वारा सर्वसम्मति से सुमन देवी और माया देवी को जलागम संरक्षक मनोनीत किया गया। बैठक में महिलाओं के साथ ही गांव के पुरुषों ने भी उत्साहपूर्ण भागीदारी की। ग्राम विकास अधिकारी सुशील मैठाणी तथा ग्रामस्तरीय कर्मचारियों ने भी बैठक में भागीदारी की।







