जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में पशुपालन विभाग ने लगाया स्टॉल, 109 लोगों को योजनाओं के प्रचार-प्रसार संबंधी पैम्फलेट बांटे, चारा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए वितरित किए 9 किलोग्राम चारा बीज,
रुद्रप्रयाग। जनपद में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज रामाश्रम, जखोली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में पशुपालन विभाग ने सक्रिय सहभागिता की। विभाग की ओर से शिविर में स्टॉल लगाकर पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, देखभाल, उपचार तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पशुपालकों को विभागीय सेवाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान पशुपालन विभाग की ओर से 52 लाभार्थियों को औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त विभागीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 109 लोगों को प्रचार-प्रसार संबंधी पैम्फलेट वितरित किए गए। वहीं, पशुपालकों को चारा उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 9 किलोग्राम चारा बीज का वितरण भी किया गया।
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, समय पर उपचार कराने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन आजीविका का एक महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, उचित देखभाल और पौष्टिक चारे की उपलब्धता को लेकर जागरूकता बढ़ाना पशुपालकों के लिए उपयोगी है।
शिविर में पशुपालन विभाग की ओर से पशुचिकित्साधिकारी डॉ. मनीष और पशुधन सहायक संदीप सिंह उपस्थित रहे। विभागीय सहभागिता के माध्यम से ग्रामीण पशुपालकों तक सेवाएं और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस तरह के शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ना और पशुपालन गतिविधियों को मजबूती प्रदान करना है।

