डॉ जैक्सवीन इन्टर कालेज गुप्तकाशी में आयोजित हुआ कार्यक्रम,
इनपुट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी की ओर से प्रसिद्ध फ्रांसीसी लेखक, विचारक, योगी एवं मनोचिकित्सक डॉ जैक्सवीन के जन्मदिन के अवसर पर भव्य खेल प्रतिभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सोसाइटी के सभागार में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ दर्जाधारी (राज्यमंत्री) चंडी प्रसाद भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में समिति की ओर से विद्यालय के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विगत शैक्षिक सत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं, वार्षिक परीक्षा परिणामों तथा खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण उत्तराखंड कवि कुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2026 रहा। यह प्रतिष्ठित सम्मान समिति द्वारा संस्कृति, साहित्य, लेखन, सामाजिक सरोकार एवं समाज हित में किए जा रहे विशिष्ट कार्यों के लिए गणमान्य व्यक्तियों को प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. अरुण कुकसाल शिक्षाविद एवं समाजसेवी एवं लक्ष्मण सिंह नेगी वरिष्ठ पत्रकार, रंगकर्मी व लेखक रहे। सभी सम्मानितों को शॉल, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके योगदान को सादर नमन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी शिक्षा, खेल एवं संस्कृति के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। डॉ. जैक्सवीन जैसे महान विचारक के जन्मदिन पर इस प्रकार का सम्मान समारोह युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों एवं व्यक्तियों को हार्दिक बधाई दी। समाज के उत्थान में शिक्षकों, पत्रकारों और समाजसेवियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी ने कहा कि खेल एवं शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त करने वाले बच्चे ही कल के उत्तराखंड का भविष्य हैं। साथ ही, सामाजिक सरोकारों में समर्पित व्यक्तियों को सम्मानित करना सोसाइटी का सराहनीय प्रयास है। डॉ अरुण कुकसाल व लक्ष्मण सिंह नेगी जैसी विभूतियां हमारे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ अरुण कुकसाल ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा है। वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण सिंह नेगी ने सोसाइटी को साहित्य एवं पत्रकारिता के प्रति समर्पण के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रधानाचार्य लखपत सिंह राणा ने कहा कि सोसाइटी प्रतिवर्ष डॉ जैक्सवीन के जन्मदिन को ’सेवा एवं सम्मान’ के रूप में मनाती है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना और समाजहितैषी व्यक्तियों का अभिनंदन करना हमारा परम कर्तव्य है। इस वर्ष भी हमने नियमितता और उत्कृष्टता को मान दिया है। आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे। जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी के चेयरपर्सन मनोज बेंजवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हम पिछले कई वर्षों से निरंतर खेल, शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। सम्मान समारोह का उद्देश्य न केवल पुरस्कार वितरण है, बल्कि समाज में सकारात्मक मूल्यों का प्रसार करना है। मैं सभी सम्मानित अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों का आभार व्यक्त करता हूँ। हमारी कोशिश है कि आने वाले वर्षों में भी इस परंपरा को और अधिक विस्तार दिया जाए।
इस अवसर पर प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, महामंत्री मदन भट्ट, प्रधान गडगू सरिता नेगी, खण्ड कार्यवाह दलवीर सिंह पुजारी, पीटीए अध्यक्ष आशीष राणा, भाजपा चोपता मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, महामंत्री दीपक नेगी, प्रधान घिमतोली कविता देवी प्रतिनिधि शंकर सिंह नेगी, भूपेन्द्र कुर्माचली, विजय लक्ष्मी राणा, ज्योति असवाल, यशोदा राणा, राजेश राणा, आरके गोस्वामी, चन्द्रशेखर नौटियाल, विनोद गैरोला, प्रदीप बिष्ट, कविता दुमागा, संगीता दानू, सुलेखा चौहान, दिव्या त्रिवेदी, राजेश्वरी नौटियाल, पूजा बिष्ट, शीलावती धनाई, कविता भट्ट, कविता नौटियाल, ज्योति देवशाली, तृप्ति सेमवाल, रजनी राणा, बीना चौहान, आरती भट्ट, रविन्द्र नेगी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं, अभिभावक उपस्थित रहे।