Jun 23, 2026

तिलवाड़ा के पास 60 मीटर गहरी खाई में गिरी एसयूवी, SDRF ने बचाई पांच जिंदगियां

post-img

रुद्रप्रयाग। तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप रविवार सुबह एक एसयूवी वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार रविवार प्रातः 5:10 बजे जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से SDRF को दुर्घटना की सूचना मिली। सेनानायक SDRF के निर्देश पर अगस्त्यमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

 

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन संख्या यूपी-16 डीके-0856 (एसयूवी 700) सड़क से लगभग 50 से 60 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरा था। वाहन में दो महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे, जो दुर्घटना के बाद घायल अवस्था में खाई में फंसे हुए थे।

SDRF टीम ने जिला पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्गम भू-भाग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने खाई में उतरकर सभी घायलों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

 

रेस्क्यू किए गए घायलों में प्रिंस सिंह (30 वर्ष), सभीमा सिंह (28 वर्ष), सुजोन मुखर्जी (27 वर्ष), ऋजा मुखर्जी (30 वर्ष) तथा वाहन चालक प्रदीप कुमार (35 वर्ष) शामिल हैं।

SDRF के त्वरित और साहसिक प्रयासों से वाहन में सवार सभी पांच लोगों की जान बच गई। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। SDRF ने एक बार फिर अपने ध्येय "सेवा, सुरक्षा एवं मानवता" को चरितार्थ करते हुए संकट की घड़ी में तत्परता का परिचय दिया।