हेलीपैड और कार्यालयों में बुकिंग, टिकट वितरण व सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच; प्रतीक्षा कक्षों में पर्याप्त सुविधाओं का अभाव,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के मद्देनजर जनपद में संचालित हेली सेवाओं की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर शुक्रवार को विभिन्न हेली कंपनियों के हेलीपैड और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्री सुविधाओं, टिकट बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के तहत उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी ने चिप्सन एविएशन के चारधाम हेलीपैड जाखधार का निरीक्षण किया। तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी ने ट्रांस भारत एविएशन, तहसीलदार बसुकेदार प्रवण एस. पाण्डेय ने थंबी एविएशन तथा तहसीलदार ऊखीमठ निशांत काम्बोज ने एरो एयरक्राफ्ट के हेलीपैड और कार्यालयों की व्यवस्थाएं जांचीं।
निरीक्षण के दौरान हेली कंपनियों के प्रतीक्षा कक्षों में बुकिंग के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया। वहीं, जांच के दौरान टिकटों की कालाबाजारी अथवा किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से टिकट बेचने का मामला सामने नहीं आया। यात्रियों के विवरण से संबंधित पंजिका का अवलोकन करने पर उसमें आवश्यक विवरण दर्ज पाया गया।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को टिकटों की बिक्री और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही, किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मौसम या अन्य अपरिहार्य कारणों से उड़ानों के निर्धारित समय में बदलाव होने की स्थिति में यात्रियों के टिकटों के प्रतिस्थापन की उचित व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने हेली कंपनियों को हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, प्रतीक्षा कक्षों में यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने और समूची व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने को कहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

