मुख्यमंत्री ने जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, सर्वाधिक प्रतिभागी पंजीकरण में हासिल किया दूसरा स्थान
रुद्रप्रयाग। खेल महाकुंभ के तहत प्रतिभागियों के पंजीकरण में जनपद रुद्रप्रयाग ने प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक नवंबर को निदेशालय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के क्रीड़ा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जनपद को यह उपलब्धि जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशन में खेल महाकुंभ के लिए तैयार की गई समयबद्ध कार्ययोजना, प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग के चलते मिली है। इसके साथ ही युवाओं और खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने भी इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खेल महाकुंभ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में व्यापक पंजीकरण एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। इस दौरान युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, विद्यालयों, महाविद्यालयों, शारीरिक शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों तथा विकासखंड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से प्रयास किए।
इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों को बधाई दी है। साथ ही भविष्य में भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है।

