जान जोखिम में डालकर पुलिस जवानों ने बचाई घायल यात्री की जिंदगी, श्रद्धालुओं ने की जमकर सराहना,
रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार मानवता, साहस और सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिसकर्मी यात्रियों के लिए देवदूत बनकर उनकी जान बचाने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसा ही एक साहसिक और मानवीय मामला गौरीकुण्ड क्षेत्र से सामने आया है, जहां गहरी खाई में गिरे नेपाली मूल के एक यात्री का रुद्रप्रयाग पुलिस ने सफल रेस्क्यू कर उसे नया जीवन दिया।
जानकारी के अनुसार गौरीकुण्ड शटल पार्किंग से आगे यात्रा मार्ग पर एक व्यक्ति अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही गौरीकुण्ड चौकी पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस टीम ने देखा कि घायल व्यक्ति मुख्य मार्ग से काफी नीचे नदी किनारे खतरनाक खाई में गिरा पड़ा है, जहां पहुंचना बेहद कठिन और जानलेवा था।
विपरीत परिस्थितियों और जोखिम भरे रास्ते के बावजूद पुलिस टीम ने अदम्य साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस जवान अपनी जान की परवाह किए बिना खाई में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल व्यक्ति तक पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घायल व्यक्ति की पहचान मन बहादुर पुत्र नरी बहादुर, निवासी तिला गुफा, कालिकोट नेपाल के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद पुलिस टीम ने घायल को तत्काल उपचार हेतु सोनप्रयाग अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
इस साहसिक रेस्क्यू अभियान को देखकर यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं ने रुद्रप्रयाग पुलिस की जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में जिस तरह पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति की जान बचाई, वह वास्तव में प्रेरणादायक और मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
सराहनीय रेस्क्यू टीम में उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह रावत, आरक्षी अर्जुन सिंह, आरक्षी भक्त दर्शन एवं आरक्षी सतीश चंद्र शामिल थे।