डॉ. नवीन चन्द्र भट्ट का ICSSR पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप को लेकर चयन,,
रूद्रप्रयाग।
रूद्रप्रयाग जनपद के ग्राम कविल्ठा, कालीमठ (केदारघाटी) निवासी डॉ. नवीन चन्द्र भट्ट को गढ़वाल हिमालय की समृद्ध मुखौटा परंपरा पर शोध के लिए भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) की प्रतिष्ठित पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए चयनित किया गया है। उनका यह चयन न केवल जनपद बल्कि पूरे गढ़वाल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
डॉ. भट्ट का प्रस्तावित शोध गढ़वाल क्षेत्र की प्राचीन लोक-सांस्कृतिक मुखौटा परंपरा के ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयामों का गहन अध्ययन करेगा। यह शोध लोक परंपराओं को अकादमिक दृष्टि से समझने और भविष्य के लिए संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व डॉ. नवीन चन्द्र भट्ट ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के हिन्दी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग से वर्ष 2025 में गढ़वाल हिमालय के लोकगीतों पर अपना पीएच.डी. शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। लोक-संस्कृति, परंपरा और भाषा के क्षेत्र में उनका यह सतत शोध कार्य उन्हें एक गंभीर और समर्पित शोधकर्ता के रूप में स्थापित करता है।
डॉ. भट्ट की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनका शोध गढ़वाल की लोक-सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।