रात में थमा रेस्क्यू, सुबह रावण शीला से नीचे चला सर्च,
अभियान, तीन किमी स्ट्रेचर से शव पहुंचाया चोपता,
रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार तुंगनाथ की यात्रा पर आई महिला यात्री की तलाश में चलाए गए सर्च अभियान में सोमवार सुबह एसडीआरएफ को सफलता मिली। चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर रावण शीला से नीचे करीब 400 मीटर गहरी खाई से एसडीआरएफ की टीम ने महिला का शव बरामद किया। शव को खाई से बाहर निकालने के बाद जवानों ने करीब तीन किलोमीटर तक दुर्गम पहाड़ी रास्ते पर स्ट्रेचर के सहारे पैदल ले जाकर चोपता पहुंचाया। यहां शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका की पहचान पूजा साहनी (26), निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार 20 सितंबर को जिला आपदा नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग को सूचना मिली थी कि चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर एक महिला यात्री खाई में गिरने के बाद लापता है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से अपर उप निरीक्षक प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ टीम ने रात में तुंगनाथ मंदिर के समीप आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। टीम ने संभावित स्थानों पर महिला की तलाश की, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण खाई वाले दुर्गम क्षेत्र में अभियान को आगे बढ़ाना चुनौतीपूर्ण हो गया। सुरक्षा को देखते हुए रात में सर्च अभियान रोक दिया गया और सुबह पुनः तलाश शुरू करने का निर्णय लिया गया।
सोमवार सुबह करीब 7:10 बजे एसडीआरएफ टीम ने दोबारा सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने रावण शीला से नीचे की ओर खाई वाले क्षेत्र में सघन तलाश की। काफी प्रयास के बाद करीब 400 मीटर गहरी खाई में महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद जवानों ने जोखिम उठाते हुए खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला।
शव को खाई से निकालने के बाद उसे चोपता तक पहुंचाना भी टीम के लिए बड़ी चुनौती रहा। जवानों ने शव को स्ट्रेचर पर रखा और करीब तीन किलोमीटर लंबे दुर्गम पैदल मार्ग को पार करते हुए चोपता पहुंचाया। इसके बाद शव जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।
एसडीआरएफ के अनुसार मृतका की पहचान पूजा साहनी, उम्र 26 वर्ष, निवासी पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

