May 24, 2026

होटल-ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर शिकंजा, 15 सिलेंडर जब्त,

post-img

अवैध उपयोग करने वालों पर होगी एफआईआर, जनपदभर में लगातार चलेगा सघन अभियान,

रुद्रप्रयाग में पूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, 

रूद्रप्रयाग। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग के खिलाफ पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों में अवैध रूप से घरेलू गैस के इस्तेमाल की शिकायतों के बाद विभाग ने विशेष औचक चेकिंग अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।

जिला पूर्ति अधिकारी के०एस० कोहली के निर्देशन में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) रुद्रप्रयाग प्रेमबल्लभ सती के नेतृत्व में पूर्ति विभाग की टीम ने रुद्रप्रयाग-जवाड़ी बाईपास से लेकर सुमेरपुर क्षेत्र तक सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कई होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंटों में घरेलू गैस सिलेंडरों का खुलेआम व्यावसायिक उपयोग पाया गया, जो नियमों के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से कुल 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जब्त सिलेंडरों को नियमानुसार हरियाली देवी गैस सर्विस, रुद्रप्रयाग के सुपुर्द कर दिया गया है।

एआरओ प्रेमबल्लभ सती ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कानूनन अपराध है और विभाग इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि जनपदभर में आगे भी औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देशित किया कि वे केवल वैध व्यावसायिक गैस कनेक्शन का ही उपयोग करें। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी प्रतिष्ठान घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस अभियान में पूर्ति निरीक्षक चंद्रमोहन बारमोला, हिमांशु रावत, कैलाश पूरी, सूरज, माणिक चंद्र सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।