govt-ads

रुद्रप्रयाग की सभी चिकित्सा इकाइयों में चला स्वच्छता अभियान

Blog
 Image

स्पेशल कैंपेन-6 के तहत अस्पतालों से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तक हुई साफ-सफाई

 

रुद्रप्रयाग। जनपद में चिकित्सा संस्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को स्पेशल कैंपेन-6 के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल के निर्देशन में जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित सभी चिकित्सा इकाइयों में एक साथ साफ-सफाई की गई।

 

अभियान के दौरान चिकित्सा इकाइयों के वार्ड, ओपीडी, शौचालयों और परिसर की सफाई की गई। इसके साथ ही अस्पतालों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का निरीक्षण कर चिकित्सा अपशिष्ट को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करते हुए निर्धारित नियमों के अनुसार निस्तारित किया गया। संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक स्थानों को सैनिटाइज किया गया और स्वास्थ्य कर्मियों को हाथों की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान अस्पतालों में रखे अनुपयोगी एवं अनावश्यक सामान को भी हटाया गया।

 

अभियान के तहत मरीजों और उनके तीमारदारों को भी स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाना और मरीजों के साथ उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

 

उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखना निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि अस्पतालों में स्वच्छता के साथ संक्रमण की रोकथाम भी सुनिश्चित की जा सके।