Jun 10, 2026

कुमार लोक महायज्ञ में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, शिव महिमा के श्रवण से भक्त हुए भावविभोर

post-img

रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी 

 

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। देवसेनापति भगवान कार्तिकेय की तपोस्थली कुमार लोक में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा के छठवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। धार्मिक अनुष्ठानों, हवन-यज्ञ और पुराण वाचन से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। दूर-दराज के गांवों तथा विभिन्न जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला में पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

महायज्ञ के अंतर्गत प्रातःकाल से ही विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुण्ड में आहुतियां अर्पित की गईं। विश्व शांति, मानव कल्याण, सुख-समृद्धि एवं लोकमंगल की कामना के साथ संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा कुमार लोक क्षेत्र वेद ऋचाओं और आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान रहा।

शिव महापुराण कथा के दौरान कथावाचक आचार्य वासुदेव प्रसाद थपलियाल ने भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि भगवान शिव समस्त सृष्टि के कल्याणकारी देव हैं। उन्होंने शिव भक्ति, तप, त्याग और वैराग्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्चे मन से की गई शिव आराधना मनुष्य के समस्त कष्टों का निवारण करती है तथा उसे आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है। कथा में शिव पुराण के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से धर्म, संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु शिव महिमा में भावविभोर हो उठे। भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों से पूरे क्षेत्र में भक्ति की अलौकिक छटा बिखरी रही। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति अर्पित कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।

इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज रावत ने महायज्ञ में सहभागिता करते हुए पूजा-अर्चना की तथा आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की।

महायज्ञ को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने में कार्तिकेय मंदिर समिति, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। इन दिनों संपूर्ण कुमार लोक क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के अद्भुत संगम का साक्षी बना हुआ है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कंडारा अजयवीर भंडारी, मंदिर समिति प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी, अंकुर रौथाण, हरीश गुसाईं, महेंद्र रावत, कुंवर सिंह नेगी, दिनेश थपलियाल, सुधीर नौटियाल, आशुतोष भट्ट, श्रीकृष्ण गैरोला, नवीन कांडपाल, दीपक चमोला, सुभाष भट्ट, अरविंद भट्ट, आदित्य भट्ट, संगीता नेगी सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।