जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने दिलाई शपथ, हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता का दिया संदेश
रुद्रप्रयाग। लोकतंत्र की मजबूती और निर्वाचन प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को रुद्रप्रयाग में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गढ़वाल मंडल विकास निगम के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 में प्रतिभाग कर रहे साइकिलिस्टों, जिला स्तरीय अधिकारियों और उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का अपना महत्व है। एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए प्रत्येक नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी से अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने के साथ ही आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की।
मतदाता शपथ के दौरान प्रतिभागियों और अधिकारियों ने लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया। सभी ने धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर प्रत्येक निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के तहत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित अधिकारियों और साइकिलिस्टों ने मतदाता जागरूकता संबंधी शपथ बैनर पर हस्ताक्षर कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी, एमटीबी चैलेंज के प्रतिभागी साइकिलिस्ट एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

