राज्य स्थापना दिवस पर सरकार की विकासात्मक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पुस्तक में किया गया संकलित,
रुद्रप्रयाग। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को एनआईसी कक्ष में ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ पुस्तक का विमोचन किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट एवं जिला पंचायत सदस्य अमित मेखण्डी ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया।
पुस्तक में राज्य सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रमुख उपलब्धियों का विस्तृत विवरण संकलित किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश में विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और सरकार की योजनाओं को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अगस्त्यमुनि खेल छात्रावास से पहुंचीं पदक विजेता छात्राओं के साथ संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं, सुविधाओं और संसाधनों की जानकारी लेते हुए छात्राओं से उनकी पढ़ाई, खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण एवं नियमित अभ्यास के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनकी खेल उपलब्धियों और प्रतियोगिताओं के अनुभव भी साझा करने को कहा। साथ ही छात्रावास में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लेते हुए उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं की खेल प्रतिभा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, जिला खेल अधिकारी मनोज चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

