रुद्रप्रयाग की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को सहेजने का प्रयास, विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मिलेगी महत्वपूर्ण जानकारी
अगस्त्यमुनि। जिस महाविद्यालय से कभी विद्यार्थी के रूप में शिक्षा और संस्कार प्राप्त किए, उसी संस्थान के पुस्तकालय में अपनी लिखी पुस्तक को स्थान दिलाना किसी भी लेखक के लिए गौरव का क्षण होता है। ऐसा ही अवसर युवा लेखक एवं कवि सतपाल के जीवन में आया, जब उन्होंने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि के पुस्तकालय को अपनी पुस्तक ‘पूरा केदार दर्शन’ की प्रतियां भेंट कीं।
इस दौरान कवि सतपाल ने महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. केसी दुदुपुड़ी को पुस्तक की प्रतियां सादर भेंट कीं। साथ ही पुस्तकालय के कर्मचारियों संतोष जमलोकी, प्रताप सिंह कप्रवाण एवं पल्लवी रावत से भी मुलाकात की।
पुस्तक का अवलोकन करते हुए प्राचार्य एवं पुस्तकालय कर्मियों ने इसे जनपद रुद्रप्रयाग की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत के दस्तावेजीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि पुस्तक में जनपद के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से जुड़ी जानकारियों का संकलन किया गया है। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।
महाविद्यालय परिवार ने कवि सतपाल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय विरासत, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों को लेखन के माध्यम से संरक्षित करना सराहनीय कार्य है। उल्लेखनीय है कि सतपाल इसी महाविद्यालय के पुरातन छात्र रहे हैं। ऐसे में अपने ही शिक्षण संस्थान के पुस्तकालय में अपनी पुस्तक को स्थान मिलना उनके लिए विशेष गौरव और आत्मसंतोष का विषय रहा।
कवि सतपाल ने प्राचार्य सहित समस्त महाविद्यालय परिवार और पुस्तकालय कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने पुराने शैक्षणिक संस्थान में पुस्तक भेंट करना उनके लिए भावनात्मक रूप से भी विशेष
अनुभव है।

