लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश,
रुद्रप्रयाग। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सोमवार को एक दिवसीय रुद्रप्रयाग भ्रमण के दौरान जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन एवं जन संवाद कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, आवास, मुआवजा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न समस्याएं एवं मांगें आयुक्त के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में कुल 33 शिकायतें एवं मांगें दर्ज हुईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जन संवाद में भगत सिंह चौहान ने गत वर्ष दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त जवाड़ी पार्क में सुरक्षात्मक कार्य कराने, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को सुचारु करने तथा सुमाड़ी-जखोली-मुसाढुंग मोटर मार्ग पर पैचवर्क कराने की मांग रखी। गढ़तरा नाला क्षेत्र की सुनीता देवी ने नाप भूमि को खाता-खतौनी में दर्ज कराने का मामला उठाया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने आदर्श ग्राम देवली भणीग्राम के मुख्य मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति से आयुक्त को अवगत कराया। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर शीघ्र तैनाती की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
आयुक्त ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। दो मांगों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को मौके पर ही तिरपाल सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
गढ़वाल आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत कर शिकायतों की वास्तविक स्थिति और विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने सीएम पोर्टल पर आंशिक रूप से बंद किए गए प्रकरणों को पुनः देखने तथा शिकायतों का पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित मरीजों को गोद लेने की पहल में आयुक्त आनंद स्वरूप ने भी सहभागिता करते हुए एक टीबी मरीज को गोद लिया। उन्होंने मरीज के उपचार एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई। इससे मरीज को पौष्टिक भोजन, दवाइयां और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जन संवाद कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, उप वन संरक्षक विनीत कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, अधिशासी अभियंता एनएच ओंकार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

